अब है जब सामना पहाड़ों से, माँग कोई दुआ पहाडों से। जब किया मश्विरा पहाड़ों से, रास्ता मिल गया पहाड़ों से। रास्ता तंग है ज़रा लेकिन, रास्ता है सजा पहाड़ों से। साथ ताउम्र थे समुंदर के, इश्क़ ताउम्र था पहाड़ों से। चाह कर भी कभी नहीं लौटा, शहर जो भी गया पहाड़ों से। मुश्किलें भी मिली पहाड़ों पर, हौंसला भी मिला पहाड़ों से। एक मीठी नदी निकलती है, ख़ुश्क पत्थर नुमा पहाड़ों से। बादलों ने कहा न जाने क्या, चाँद छुपने लगा पहाड़ों से। लौट आऊँगा मौत से पहले, है ये वादा मेरा पहाड़ों से। खेत बेरोज़गार हैं जब से कारखाना सटा पहाड़ों से
Saturday, 30 March 2019
पहाड़ों से
Sunday, 10 March 2019
दो ग़ज़ला
------1 जब तक न लौट आयें परिंदे उड़ान से लगते हैं घोंसले ये मेरे ही मकान से अब चाशनी का बोझ उतारें ज़बान से तलवार जब निकल ही चुकी है मियान से आये थे गमगुसार लिये ज़ख्म की दवा घबरा गये अगरचे पुराने निशान से दफ़्तर से लौटते हैं मुलाज़िम बुझे बुझे पत्थर लुढ़क रहे हों कि जैसे ढलान से बाज़ार में तो खूब है कीमत अनाज की मत पूछियेगा फिर भी कमाई किसान से बरसों से वज़्न झूट का तारी है रूह पर तकलीफ़ हो रही है तभी तो अज़ान से
2212 1211 2212 12
ताउम्र भागते थे जो दौलत बटोरते
सोये हुए हैं देखिये सब इत्मीनान से
जंगल पहाड़ बर्फ़ समंदर नदी हवा क्या खूब मौजज़े हैं घिरे आसमान से घर से हटा तो लोगे सभी आईने मगर कब तक बचे रहोगे नकुल इम्तिहान से -----2 दो पल जो देख लूँ मैं उन्हे इत्मिनान से मिल जाये कुछ निजात मुसलसल थकान से उसने नज़र उठा के झुकायी ज़रूर थी पर फिर पलट गयीं थी निगाहें बयान से भँवरे उदास उदास हैं मायूस हैं ग़ुलाब हो कर ख़फ़ा गये थे वो कल गुलसितान से वादों की कोई फिक्र न मिलने का इंतज़ार दिल जब लगा लिया हो किसी बेईमान से मुझ से मेरे ग़मों पे सवालात छोड़िये ऊंचाई पूछिये ना कभी आसमान से गलती से उसने फोन मिलाया था कल् मुझे पूछे न हाल कोई दिले बेज़ुबान से सुर्खी ये शर्म से है कि गुस्से का है कमाल मिलती है शक्ल देखिये ज़ीनत अमान से लिखकर उन्हें जो पोस्ट किये ही नहीं कभी रक्खे हुए हैं ख़त वो किताबों में शान से
Tuesday, 15 January 2019
आज़ाद नज़्म
गली के दूसरे कोने में जब इक बाँसुरी वाला कभी बंसी बजाता है तो ये मालूम होता है कि दुन्या खूबसूरत है कि जैसे ख़्वाब हो कोई मगर जब बाँसुरी वाला सुरों में चूक जाता है बदल देता है धुन जब भी किसी मशहूर गाने की तो लगता है हक़ीक़त है मैं अक्सर सोचता हूँ क्यों ख़ुदा भी चूक जाता है बहुत से सुर लगाने में धुन अच्छी सी बनाने में कईं मन्ज़र सजाने में जब उस से भूल होती है तो कितना दर्द होता है अगर तुम जानना चाहो तो बस अखबार पढ़ लेना या उस बच्चे से मिल लेना कि दिल में छेद हो जिसके और उसकी माँ उसे खुल कर कभी हँसने नहीं देती
Saturday, 4 August 2018
कुछ दिन से खोया खोया हूँ
कुछ दिन से खोया खोया हूँ माज़ी में कुछ ढूंढ रहा हूँ बच्चों से छिपता फिरता हूँ पिछली छुट्टी का वादा हूँ दुनिया को खुश रक्खूं कैसे मैं खुद को भी कम पड़ता हूँ थकने का भी वक़्त नहीं है देखो मैं आधा बूढ़ा हूँ मुझको रोक सको तो रोको मैं इक बच्चे का सपना हूँ हँसना तो पेशा है साहिब तन्हाई में रो लेता हूँ थोड़े सपने देख लिए थे वैसे मैं सीधा सादा हूँ चेहरे पर कुछ दर्द छपे हैं वैसे मैं अच्छा दिखता हूँ अखबारों में होता क्या है, बस मतलब का पढ़ लेता हूँ मुझको फिर से भूल गये हो पिछले मौसम का छाता हूँ मेरा पेशा पूछ रहे हो? सोच रहा हूँ मैं क्या क्या हूँ
Sunday, 1 July 2018
ये इश्क़ ऐसा दिमाग़ी बुखार होता है
ये इश्क़ ऐसा दिमाग़ी बुखार होता है
कि एक भूत सा सिर पर सवार होता है
हो गिफ़्ट शॉप कि दर्ज़ी हो या चने वाला
इन आशिकों पे सभी का उधार होता है
तुम एक बार में निबटे हो यह ग़नीमत है
किसी किसी को तो ये बार बार होता है
ये लाइलाज बीमारी है, ये जहन्नुम है
अजी तबीब तक इसका शिकार होता है
विसाल तक में नहीं चैन इन मरीज़ों को,
हों साथ फिर भी इन्हें इंतज़ार होता है
बड़े बड़ों को मुहब्बत ने ही सुधारा है,
कि लुट-लुटा के सभी में सुधार होता है
लगे किसी के अलावा फ़िज़ूल जब सब कुछ
"यही मरज़ तो मेरे दोस्त प्यार होता है"
Monday, 18 June 2018
पानी
झील में बर्फ़ ने छुआ पानी शर्म से काँपने लगा पानी प्यास पहले भी कम न थी लेकिन, अब के सर से गुज़र गया पानी देख पाये नहीं नदी सूखी हमनेे पत्थर पे लिख दिया पानी एक शातिर दिमाग़ बादल ने खेत के कान में कहा पानी उसकी आंखों पे था यकीं हमको, चाँद पर ढूंढ ही लिया पानी रूह ने लिख दिये वसीअत में आग, अम्बर, ज़मीं, हवा, पानी घूम आयें कहीं पहाड़ों पर आओ बदलें ज़रा हवा पानी गाँव की जब हुई सड़क पक्की, पहली बारिश में ही भरा पानी
Thursday, 29 March 2018
जब ज़ुरूरी हो बदलना चाहिए
वक़्त के साँचे में ढलना चाहिए जब ज़ुरूरी हो, बदलना चाहिए मयकशी की क्या ज़रूरत दर्द में आंसुओं से काम चलना चाहिए काम तो मुझसे निकलवा ही लिया अब तुम्हारा सुर बदलना चाहिए तुम कहो तो हम फफक कर रो पड़ें, बस तुम्हारा दिल बहलना चाहिए गुल खिलाना भर नहीं गुलशन का फ़र्ज़ कोई भँवरा भी मचलना चाहिए आज कल मुझको नहीं पहचानते घास पर तुमको टहलना चाहिए ख़ाब करने हैं अगर पूरे नकुल ख़्वाहिशों का सिर कुचलना चाहिए नकुल
Subscribe to:
Posts (Atom)