Sunday, 1 July 2018

ये इश्क़ ऐसा दिमाग़ी बुखार होता है


ये इश्क़ ऐसा दिमाग़ी बुखार होता है
कि एक भूत सा सिर पर सवार होता है

हो गिफ़्ट शॉप कि दर्ज़ी हो या चने वाला
इन आशिकों पे सभी का उधार होता है

तुम एक बार में निबटे हो यह ग़नीमत है
किसी किसी को तो ये बार बार होता है

ये लाइलाज बीमारी है, ये जहन्नुम है
अजी तबीब तक इसका शिकार होता है

विसाल तक में नहीं चैन इन मरीज़ों को,
हों साथ फिर भी इन्हें इंतज़ार होता है

बड़े बड़ों को मुहब्बत ने ही सुधारा है,
कि लुट-लुटा के सभी में सुधार होता है

लगे किसी के अलावा फ़िज़ूल जब सब कुछ
"यही मरज़ तो मेरे दोस्त प्यार होता है"

Monday, 18 June 2018

पानी


झील में बर्फ़ ने छुआ पानी
शर्म से काँपने लगा पानी

प्यास पहले भी कम न थी लेकिन,
अब के सर से गुज़र गया पानी

देख पाये नहीं नदी सूखी
हमनेे पत्थर पे लिख दिया पानी

एक शातिर दिमाग़ बादल ने
खेत के कान में कहा पानी

उसकी आंखों पे था यकीं हमको,
चाँद पर ढूंढ ही लिया पानी

रूह ने लिख दिये वसीअत में
आग, अम्बर, ज़मीं, हवा, पानी

घूम आयें कहीं पहाड़ों पर
आओ बदलें ज़रा हवा पानी

गाँव की जब हुई सड़क पक्की,
पहली बारिश में ही भरा पानी

Thursday, 29 March 2018

जब ज़ुरूरी हो बदलना चाहिए


वक़्त के साँचे में ढलना चाहिए
जब ज़ुरूरी हो, बदलना चाहिए

मयकशी की क्या ज़रूरत दर्द में
आंसुओं से काम चलना चाहिए

काम तो मुझसे निकलवा ही लिया 
अब तुम्हारा सुर बदलना चाहिए

तुम कहो तो हम फफक कर रो पड़ें,
बस तुम्हारा दिल बहलना चाहिए

गुल खिलाना भर नहीं गुलशन का फ़र्ज़
कोई भँवरा भी मचलना चाहिए

आज कल मुझको नहीं पहचानते
घास पर तुमको टहलना चाहिए

ख़ाब  करने हैं अगर पूरे नकुल
ख़्वाहिशों का सिर कुचलना चाहिए

नकुल

Saturday, 3 March 2018

इसे देखेंगे तो अपनी जवानी याद आयेगी- होली की तरही


आदरणीय पंकज सुबीर जी के ब्लॉग पर आयोजित 
2018 के तरही मुशायरे में मेरा प्रयास

 
ग़ज़ल

जुड़ी हर इक हमें उससे कहानी याद आएगी 
जो बक्से में रखी कोई निशानी याद आयेगी

हमारा दम घुटेगा जब कभी शहरों की सड़कों पर 
हवा हमको पहाड़ों की सुहानी याद आएगी 

हम अब के गाँव लौटेंगे तो उन बचपन की गलियों में 
किसी नुक्कड़ पे खोयी शादमानी याद आएगी 

गली के मोड़ पर जिस घर की घण्टी हम बजाते थे 
वहाँ रहती थी जो बूढ़ी सी नानी, याद आएगी 

कुछ आलू काट कर खेतों में हमने गाड़ कर की थी 
महीनों तक चली वो बाग़बानी याद आएगी 

वो लड़की वक़्त से लड़कर अब औरत बन गयी होगी 
लड़कपन की वो पहली छेड़खानी, याद आएगी 

उसी छत से पतंगें इश्क़ की हमने उड़ाई थीं 
अजी बस कीजिये, फिर वो कहानी याद आएगी 

हमारे गाँव के रस्ते पर अब पुल बन गया लेकिन 
नदी, जिस में कभी बहता था पानी, याद आएगी 

बुढ़ापे के लिये अमरुद का इक पेड़ रक्खा है 
"इसे देखेंगे तो अपनी जवानी याद आएगी" 

गुज़रना उस गली से गर हुआ फाल्गुन महीने में 
हमें पिचकारियों की मेज़बानी याद आएगी

Saturday, 20 January 2018

ज़ख्म दे जाये अब नये कोई


क्यों पुराने ही ग़म सहे कोई
ज़ख्म दे जाये अब नये कोई

रेगज़ारों से ही शिकायत क्यों
बादलों से भी कुछ कहे कोई

बात सब उलझनों की करते हैं
ढूंढता ही नहीं सिरे कोई

शायरी हिज्र ही में होती है
वस्ल पर क्या भला कहे कोई

आस लेकर गली में लौटा हूँ
काश खिड़की खुली मिले कोई

मौत मेरा नया बहाना है,
जाये उनको खबर करे कोई

डायरी पर दिखे तिरी सूरत
मेरे अशआर जब पढ़े कोई

दोस्तों में है नाम मेरा भी,
हाय! मुझ पर यकीं करे कोई



----
कुछ अन्य अशआर

गोल बर्फ़ी है या बताशा है
चाँद को भी ज़रा चखे कोई

आखिर उसको ख़ुदा मैं क्यों मानूँ,
जानता ही नहीं जिसे कोई

रूठ जाया करे यूँ ही मुझसे,
मुझ से झगड़ा किया करे कोई

अश्कबारी, घुटन, अकेलापन
इश्क़ पर क्या नया लिखे कोई

Thursday, 19 October 2017

कुमकुमे हँस दिये, रौशनी खिल उठी


आदरणीय पंकज सुबीर sir के ब्लॉग पर दीपावली की तरही में मेरा प्रयास।


वक़्त बस का हुआ तो घड़ी खिल उठी 
रास्ते खिल उठे, हर गली खिल उठी

गाँव पहुँचा तो बस से उतर कर लगा 
जैसे ताज़ा हवा में नमी खिल उठी

वो हवेली जो मायूस थी साल भर 
एक दिन के लिए ही सही, खिल उठी

घर पहुँचते ही छत ने पुकारा मुझे 
कुछ पतंगे उड़ीं, चरखड़ी खिल उठी

छत पे नीली चुनर सूखती देखकर 
उस पहाड़ी पे बहती नदी खिल उठी

बर्फ़ के पहले फाहे ने बोसा लिया 
ठण्ड से काँपती तलहटी खिल उठी

चीड़ के जंगलों से गुज़रती हवा 
गुनगुनाई और इक सिंफ़नी खिल उठी

उन पहाड़ी जड़ी बूटियों की महक 
साँस में घुल गयी, ज़िन्दगी खिल उठी

मुझ से मिलकर बहुत खुश हुईं क्यारियाँ 
ब्रायोफाइलम, चमेली, लिली खिल उठी

थोड़ा माज़ी की गुल्लक को टेढ़ा किया 
एक लम्हा गिरा, डायरी खिल उठी

शाम से ही मोहल्ला चमकने लगा 
"कुमकुमे हँस दिये, रौशनी खिल उठी"

गांव से लौटकर कैमरा था उदास 
रील धुलवाई तो ग्रीनरी खिल उठी

फिर मुकम्मिल हुई इक पुरानी ग़ज़ल 
काफ़िये खिल उठे, मौसिकी खिल उठी

।

Saturday, 7 October 2017

नहीं कभी



माना वो दौर लौट के आया नहीं कभी
हमने भी डायरी को जलाया नहीं कभी

यूँ तो किसी भी ग़म से मेरे ग़म भी कम न थे
बाज़ार में अगरचे सजाया नहीं कभी

रहती है अब उदास मेरे घर की क्रौकरी
फिर तुमकोे चाय पर जो बुलाया नहीं कभी

कुछ तो छुपा रहा है पसे अक़्स आइना
हमने तो कुछ भी इससे छुपाया नहीं कभी

ऐसा अगर है इश्क़ तो क्या ख़ाक इश्क़ है
कहते हैं बारिशों ने रुलाया नहीं कभी

कीचड़ में भी खिलें तो महकते हैं शान से,
फूलों ने पर ग़ुरूर दिखाया नहीं कभी

यूँ तो शरीफ़ लोग मिले शह्र में कईं
सच का किसी ने साथ निभाया नहीं कभी

मेरे लिए रुकी थी कईं बार ज़िन्दगी
मैंने ही अपना हाथ बढ़ाया नहीं कभी

कागज़ के उन हवाई जहाज़ों का क्या कुसूर
शिद्दत से हमने जिनको उड़ाया नहीं कभी

सहरा नहीं ये दिल है मिरा इंतज़ार में
पौधा यहाँ किसी ने लगाया नहीं कभी

शायद  ज़ुबां हमारी कभी लड़खड़ाई हो
लेकिन ज़मीर हमने गिराया नहीं कभी