Friday, 8 August 2014

कभी इन्कार चुटकी मे,कभी इक़रार चुटकी मे


कभी इन्कार चुटकी मे,कभी इक़रार चुटकी मे
कि मौसम सा बदलता है मिजाज़-ए-यार चुटकी मे !!

वही ठोकर लगाता है, वही मरहम लगाता है,
ख़ुदा के खेल मे, हम सब बने किरदार चुटकी मे !!

हबीबों की मेरी फेहरिस्त मे दो-चार मुश्किल से,
बिना ढूंढे ही मिलते हैं मुखालिफ चार चुटकी मे !!

ये दिल के ज़ख्म देते हैं, जो भर के भी नहीं भरते,
जुबां के तीर करते हैं खड़ी दीवार चुटकी में!!

महीनों से पड़ी सूनी हवेली मुह चिढ़ाती थी,
ये सेहरा कर गए पोते मेरे गुलज़ार चुटकी में!!

वो पैमाइश मेरे खेतों की मुझको ही बताता है,
मेरा बेटा खड़ा है बन के हिस्सेदार चुटकी में !!

जो सरहद पर चली गोली, पड़ी है एक कोने में,
हुए तस्वीर के चर्चे, भरे अखबार चुटकी में!!

भला होता, मै उनसे भी अगर नाआश्ना होता
तबीबों की हबीबी कर गयी बीमार चुटकी मे !!

Tuesday, 29 July 2014

बुरे सपने मेरे, मुझे आजकल सोने नहीं देते


कभी मसले सियासत के, वो हल होने नहीं देते,
मसल कर, जुगनुओं को तीरगी धोने नहीं देते ||

बरसती थीं मुहब्बत की घटायें जिन मुहल्लों में,
फकीरों को गली में हाथ भी धोने नहीं देते !!

कभी खेला किये थे खेत में मिल जुल के जो घर-घर,
वो महलों में, हबीबों को भी अब कोने नहीं देते !!

गुज़र जाती थीं रातें, जो कभी गाने बजाने में,
ये कैसा खौफ, अब बच्चों को भी रोने नहीं देते !!

अजी सुन कर ये ख़बरें मुल्क के हालात की मौला,
बुरे सपने मिरे अक्सर मुझे सोने नहीं देते !!

Wednesday, 4 June 2014

चलो कुछ देर चराग़ों को जलाया जाये


तेरे रुख़सार से चिलमन को हटाया जाये ,
चलो कुछ देर चराग़ों को "जलाया" जाये !!

सजा क देख बहारों में लिए हैं ग़ुलशन
चलो इस बार, कहीं दश्त सजाया जाये !!

मुझे ये लोग दिखाते जो मेरी सीरत हैं,
चलो इन आईनों को अक्स दिखाया जाये !!

पिला क देख चुके खूब शिलाओं को हम,
चलो पानी, ये परिन्दों को पिलाया जाये !!

भरे ज़ख्मों को लिए मयकदे में आये हैं ,
चलो मरहम ये तबीबों को लगाया जाये!!

दिलों के जलने, जलाने में रखा क्या आखिर
चलो घरबार रकीबों का बसाया जाये !!

सताया खूब है, इस लंबे सफर ने हम को,
चलो मंज़िल को भी अब थोड़ा थकाया जाये !!

----------------------

Saturday, 17 August 2013

ख़्वाबों में रूठे जाएँ हम


हर सुबह वीरान आईने को घूरे जाएँ हम
शक्ल में मुर्दे की ज़िंदा अक्स ढूंढे जाएँ हम

कुछ गधों की भीड़ में घोड़े भी शामिल हो गए
पेट का बोझा उठा कर सर पे दौड़े जाएँ हम

मारता अनजान है अनजान को इस जंग में,
हुक्मरानी तोप का बारूद ढोते जाएँ हम

हैं सभी बाज़ार अब नक़ली नगीनों से भरे,
ढूढ़ने निकले जो हीरा खुद ही खोते जाएँ हम

मुश्किलें आएं जो रस्ते में खुदा का शुक्र है,
इम्तिहां जो वक़्त ले सोने सा घिसते जाएँ हम

वो मनाएंगे हमें फिर से उसी अंदाज़ में,
ख़्वाब को सच मान कर ख़्वाबों में रूठे जाएँ हम