Saturday, 21 June 2025

सोनेट - बूँद

 


बूँद प्यासे के गले में जिंदगी सी

बूँद टपके आँख से तो है कहानी

चंद बूंदें मिल गईं तो सिंफ़नी सी

ये ही गंगा जल यही ज़मजम का पानी


बूँद बादल से गिरे जो ग्लेशियर पर

तयशुदा उसके लिए लंबा सफर है

और जिन बूंदों को सागर है मयस्सर

याद रखिए उनका होना बेअसर है


बूँद का गिरना ख़ुदा के हाथ में है

बूँद का तो फ़र्ज़ है बस बूँद होना

बूँद का होना लहर के साथ में है

आखिरश तय है, उसे ख़ुद को है खोना


प्यास मेरी है कि जो बुझती नहीं है

बूँद ख़ुद के वास्ते कुछ भी नहीं है


नकुल

Monday, 16 June 2025

सोनेट - कशमकश दिल में ये कैसी चल रही है

कशमकश दिल में ये कैसी चल रही है 

इल्म है, मुमकिन नहीं जो चाहता हूँ 

एक ख़ुशफ़हमी सी दिल में पल रही 

और' ये ख़ुशफ़हमी है मैं भी जानता हूँ 


इस ज़माने के तकाज़े हैं पुराने 

और दिल की चाहतें कुदरत खुदा की 

ढूंढता है दिल खुशी के कुछ बहाने 

फिर ठिठक जाता है सोचे जब सज़ा की


रूह से मेरी उतारे क़र्ज़ कोई

ज़हर दे मुझको कि सूली पर चढ़ाए

इश्क़ है इक जुर्म या है मर्ज़ कोई

कोई तो आकर मुझे अब ये बताए


ख्वाहिशों पर वार करना चाहिए था

या मुझे इज़हार करना चाहिए था


नकुल

2122 2122 2122

इरशाद खान सिकंदर

 


हल्की सी मुस्कान थी सादा लड़का था

और' मन से इरशाद, सिकंदर जैसा था


यूं तो दिखने में कम ही था उसका कद 

शाइर वो अच्छे अच्छों से ऊंचा था


धीरे धीरे कह देता था गहरी बात

और' फिर कुछ ही देर में खुल कर हंसता था


कहता था फिर इश्क़ उसी से करना है

जिससे उसका पहला इश्क़ अधूरा था


मुझ से मिलने घर पर आया था जिस दिन

रोशन मेरे घर का कोना कोना था


ज़ाहिर है जन्नत में इक महफिल होगी

जिसमें पढ़ने का उसको भी न्योता था


लगता है इक रोज़ ये कहते लौटेगा

चाय पिलाओ यार, समोसा ठंडा था


नकुल

Saturday, 7 June 2025

इश्क़ में पड़ गए हबाबों के

 हम जो आदी हुए अज़ाबों के

इश्क़ में पड़ गए हबाबों के


फूल भी फोन के कवर में हैं

अब ज़माने नहीं किताबों के


हमने पूछे नहीं सवाल अब तक

हैं मगर आस में जवाबों के


तेरी जुल्फों को छू न पाए जो,

पूछिए दर्द उन गुलाबों के


मेरा किरदार खो गया शायद

दरमियां खुश फ़हम निसाबों के


हाथ छलनी हैं साँस भारी है

हम तलबगार हैं गुलाबों के


क्या ही दरियाओं का करेंगे हम

हम जो शौक़ीन हैं सराबों के


 तुम न लौटोगे जानते हैं हम

मुन्तज़िर हैं तुम्हारे ख्वाबों के


नकुल

Monday, 17 March 2025

ग़ज़ल - मुझको मेरे फ़र्ज़ ने ज़िन्दा रक्खा है

 मुझको मेरे फ़र्ज़ ने ज़िन्दा रक्खा है

साफ़ कहें तो क़र्ज़ ने ज़िन्दा रक्खा है


सब कहते हैं इश्क़ बुरी है बीमारी

मुझको तो इस मर्ज़ ने ज़िन्दा रक्खा है


गा कर उसने इक दिन शेर सुनाया था

मुझको उस की तर्ज़ ने ज़िन्दा रक्खा है


 चाहत की फेहरिस्तें ख़त्म नहीं होती

यार! दिले ख़ुदग़र्ज़ ने ज़िन्दा रक्खा है


उसने मुझको चाय पिलाई थी इक दिन

बाकी खाते दर्ज़ ने ज़िन्दा रक्खा है

Sunday, 16 March 2025

क़ता - चाय


मेरी उम्मीद उसने तोड़ दी है

कहानी बीच में ही मोड़ दी है

मुलाकातें नहीं होती अब उनसे

सो हमने चाय पीना छोड़ दी है

Friday, 22 November 2024

हवा सलीके से चल रही है - ग़ज़ल

 



हवा सलीके से चल रही है, हर एक पत्ता संभल रहा है

तुम्हारी खिड़की खुली हुई है मिज़ाज मौसम बदल रहा है


हसीन वादी, सबा सुहानी, महक रही है ये रात-रानी, 

ये शाम यूं ही नहीं थमी है,  तुम्हारा ही कुछ दखल रहा है


पियालियाँ लड़खड़ा रही हैं सुराहियों की हैं आँखें बोझिल

बहक रहा है खुशी में साक़ी  ये मैकदा भी मचल रहा है


हर एक गुल मुस्कुरा रहा है सजी हुई है हर एक क्यारी

शजर अदब से झुके हैं चंदा बरामदे में टहल रहा है


तुम्हारे आने पे सकपका कर वो बड़बड़ाने लगा है कुछ कुछ

तुम्हारे आशिक़ को अंजुमन में तुम्हारा होना ही खल रहा है


तुम्हारे कानों की बालियों से फिसल के किरणें बिखर रही हैं

इसी नज़ारे में खोये सूरज का डूब जाना भी टल रहा है


हर एक चर्चा तुम्हारा चर्चा तुम्ही ग़ज़ल हो तुम्ही तसव्वुर 

हमारा होना भी धीरे धीरे तुम्हारे होने में ढल रहा है


हमारी ग़ज़लों की डायरी में तुम्हारा ही ज़िक्र है मुसलसल 

इसी से दिल भी बहल रहा है इसी से खर्चा भी चल रहा है