Friday, 16 April 2021

नज़र आया तो वो दिल में उतरकर मार डालेगा

तीन साल पुरानी

एक गुमशुदा #ग़ज़ल


बिला दीदार यादों का बवंडर मार डालेगा

नज़र आया तो वो दिल में उतरकर मार डालेगा


तुम्हारा जनवरी का वाइदा तो ठीक है लेकिन

मुझे फ़ुर्क़त का ये ज़ालिम दिसम्बर मार डालेगा


तुम्हे पहला निवाला घूटते ही फिक्र है कल की

तुम्हारे आज को बेवज्ह यह डर मार डालेगा


हमें था शौक़ छाती तान कर हर जंग लड़ने का (तकाबूले रदीफ़)

किसे मालूम था वो तीर छिपकर मार डालेगा


ज़रा सा इल्म होने पर ख़ुदा खुद को समझता है

तुझे भी वक़्त आने पर मुकद्दर मार डालेगा


#नकुल

SheshDhar Tiwari जी के आदेश पर दो साल पहले

जैन साहब द्वारा याद दिलाने पर

आप सब की नज़्र

ऐसा भी वक़्त हमने गुज़ारा कहीं कहीं

 <pre>


यादों का रात भर था सहारा कहीं कहीं

ऐसा भी वक़्त हमने गुज़ारा कहीं कहीं


भँवरे के साथ फूल भी डूबे हैं इश्क़ में

दिलचस्प हो रहा है नज़ारा कहीं कहीं


पक्का जो डूबने का इरादा हुआ मेरा

नज़दीक दिख रहा है किनारा कहीं कहीं


ये इश्क़ समुंदर है कि बारिश की बूँद है

मीठा कहीं कहीं तो है खारा कहीं कहीं


अच्छा हुआ कि इश्क़ दुबारा नहीं हुआ

दिल तो मचल रहा था हमारा कहीं कहीं


कुछ इस लिये भी राह लगी खुशनुमा हमें

तुमने सफ़र में हमको पुकारा कहीं कहीं

</pre>

Thursday, 17 September 2020

क्यों करते हो बैर की बातें

 छोड़ हरम और दैर की बातें

क्यों करते हो बैर की बातें


हमको तो अच्छी लगती हैं
उसकी बे सिर पैर की बातें

अपनों का कुछ ध्यान नहीं है
करते हो बस ग़ैर की बातें

कहने सुनने को था ही क्या
मिल ही गये हम ख़ैर, की बातें

आज भी हम दुहरा लेते हैं
बाग़ीचे में सैर की बातें


Sunday, 7 June 2020

ग़ज़ल हो गयी सो हो गयी



1212 1212 1212 112(22)
ऐसी कोई बह्र नहीं है
लेकिन ग़ज़ल हो गयी सो हो गयी


तुम्ही कहो रहें तो कैसे इत्मिनान से हम
कि खुल के सच भी कह सकें न जब ज़ुबान से हम

कई दिनों से इक ख़याल तक नहीं आया
पड़े हैं खाली इक किराये के मकान से हम

किसी ने मोड़ कर वरक हो जैसे छोड़ दिया
भुलाये जा चुके हों जैसे दास्तान से हम

उड़ान पर नहीं गये कि हम ख़लिश में थे
ये सोच कर कि क्या कहेंगे आसमान से हम

किसी को हो न हो उन्हें यक़ीन है हम पर
कई बरस तो ख़ुश रहे इसी गुमान से हम

ये ज़ख्मे दिल तुम्हे दिखायी तो नहीं देंगे
कई दिनों से हैं मगर लहू-लुहान से हम

हमें तो ख़ुद पे कुछ दिनों से ऐतबार नहीं
उमीद क्या करें वफ़ा की इस जहान से हम

चलो 'नकुल' सफ़र पे फिर कहीं निकल जायें
कि अब तो ऊब से गये हैं रूह-दान से हम

Saturday, 6 June 2020



रूह गर यादों से छलनी हो तो नाहन आइये
चैन से गर आह भरनी हो तो नाहन आइये

गर दिसंबर-जनवरी में छुट्टियाँ मिल जाएं और'
बादलों पर सैर करनी हो तो नाहन आइये

सर्द मौसम हो कि गर्मी की उमस की ऊब हो
गर सुहानी धूप चखनी हो तो नाहन आइये

नौकरी से हों परेशां, इश्क़ में टूटा हो दिल
चैन की गर साँस भरनी हो तो नाहन आइये

वादियों में ज़ाविए भी आएँगे कुछ मख़मली
और ग़ज़ल ताज़ा जो कहनी हो तो नाहन आइये

रेणुका से मारकंडा तक बसा है देवलोक
स्वर्ग की सीढ़ी जो चढ़नी हो तो नाहन आइये

चीड़ के जंगल सुनाते हैं गज़ब की सिम्फ़नी
धुन कोई ताज़ा जो सुननी हो तो नाहन आइये

एक हैं सब हिन्दू, मुसलिम, सिक्ख-ईसाई, बौद्ध, जैन
बात इतनी सी समझनी हो तो नाहन आइये

गर्मियों की छुट्टियों में आएंगे अगले बरस
बात "गौतम जी" से करनी हो तो नाहन आइये

नकुल गौतम 😊

Tuesday, 4 February 2020

कागज़ों में बस चली है गाँव के इक रुट में


ग़ज़ल

कागज़ों में बस चली है गाँव के इक रुट में
तब कहीं साहिब नज़र आये हैं मँहगे सूट में

सच खड़ा है ढीट बन, ये क्या तमाशा है मियाँ
नोट की ताकत मिला कर देखिये कुछ झूट में

शर्म आती है कि जगता ही नहीं उनका ज़मीर
एक हिस्सा जब तलक पाते *रहें* वो लूट में

देश अपनी चाल से चलता है चलने दीजिये
आप तो बस वोट गिनिये भाइयों की फूट में

योजना कैसे करें लागू किसानों के लिए
एक कौड़ी भी कमीशन तो नहीं है जूट में

आप करदाता हैं, तो घर बैठ कर पढ़िये बजट
और अब क्या चाहिए , बस मस्त रहिये छूट में

कल अचानक ध्यान नेता जी का गड्ढों पर गया
जल्दबाज़ी में भरा पानी जब उनके बूट में

क्या कहा? फ़ाइल अभी तक मेज़ से सरकी नहीं
नोट तो गिन कर नकुल रक्खे थे हमने फ्रूट में?

Monday, 23 September 2019

हमने सब सच सच बतला कर गलती की



जे लो


दुनिया की बातों में आ कर गलती की
हमने सब सच सच बतला कर गलती की

वो मेरी खामोशी खूब समझता था
मैंने बातों में उलझा कर गलती की

एक अरसे के बाद मिली थी कुछ फुर्सत
हमने उनको फोन लगा कर गलती की

तन्हाई भी अब तनहा सी लगती है
घर से वो तस्वीर हटाकर गलती की

उनकी फितरत से पहले ही वाकिफ थे
हमने ही तो हाथ बढ़ा कर गलती की

धीरे धीरे ख़ुद जैसा ही कर डाला
हमने बच्चों को समझा कर गलती की

सहराओं को खुद ही कुछ करना होगा
बादल से उम्मीद लगाकर गलती की

भद्दी सी तस्वीर लगाना काफी था
ग़ज़लों पर दिन रात खपा कर गलती की

उसका राह बदल कर जाना वाजिब था
हमने ही आवाज़ लगाकर गलती की

लोग दिखावा करने में भी माहिर थे
हमने भी जज़्बात में आ कर गलती की